
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद) : शाम से हो रही बारिश ने लोनी क्षेत्र में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग और आसपास की कालोनियों में भारी जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों को जाम में घंटों फँसे रहना पड़ा।
तेज बारिश के कारण लोनी बार्डर, लोनी दो नंबर, बंथला रोड, इंद्रपुरी और प्रेम नगर पानी सादकपुर , जवाहर नगर जैसे इलाकों में पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि छोटे वाहन बंद पड़ने लगे। कई दोपहिया वाहन सवारों को बीच सड़क पर ही अपनी गाड़ियाँ धकेलनी पड़ीं।
इस बीच, उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम (UPSRTC) की एक बस पर अचानक एक बड़ा होडिंग गिर पड़ा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई सवारी घायल नहीं हुई। बस चालक ने समय रहते वाहन रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। ठंडी हवाओं के कारण लोगों ने हल्की ठंड महसूस की, वहीं आसमान में घने और काले बादलों ने दिन में ही अंधेरा कर दिया।
कार्यालयों और बाजारों से लौटने वाले लोगों को जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण घर पहुँचने में भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई जगहों पर तो लोग पैदल ही घुटनों तक पानी में चलकर अपने घरों तक पहुँचे।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन पर के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि हर बार बरसात में यही हाल होता है, लेकिन जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की जाती।
