अमरोहा
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने किया थाना अमरोहा देहात का निरीक्षण
महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शनिवार को वार्षिक निरीक्षण के क्रम में थाना अमरोहा देहात का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं तथा विभिन्न अभिलेखों के रख-रखाव की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मिशन शक्ति केंद्र, डाक कार्यालय, साइबर सेल, मुख्य कार्यालय, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, चौकीदार उपस्थिति रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने तथा थाना परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों को चिन्हित कर राजस्व टीम के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए डीएम ने महिला आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर महिलाओं को मिशन शक्ति कार्यक्रम और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कार्यक्रमों का रोस्टर संबंधित ब्लॉकों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, जिससे निर्धारित कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
साइबर सेल की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि थाना स्तर पर आने वाली प्रत्येक महिला की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए, उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और शिकायतों का प्रभावी निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक श्री शौकेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




