गोड्डा
वादे पर खरा उतरा प्रशासन, एक माह में शुरू हुआ प्रेम नगर सड़क निर्माण
कथनी और करनी का संगम: दीपिका पांडेय सिंह की तत्परता से ग्रामीणों में खुशी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा। हनवारा क्षेत्र के प्रेम नगर के लिए विकास अब महज शिलापट्ट तक सीमित नहीं रहा। एक माह पूर्व किए गए शिलान्यास के बाद अब जमीन पर काम दिखने लगा है। विश्वासखानी हाई स्कूल से प्रेम नगर गांव तक बनने वाली 2.100 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 3 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए मशीनें और मजदूर मौके पर पहुंच चुके हैं। आमतौर पर शिलान्यास के बाद योजनाएं फाइलों में अटक जाती हैं, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि दशकों से वे कच्चे और कीचड़ भरे रास्तों की परेशानी झेलते आ रहे थे। बरसात में हालात ऐसे हो जाते थे कि गांव तक वाहन तो दूर की बात है। पैदल चलना मुश्किल हो जाता था। मरीजो को खाट के सहारे सड़क तक ले जाना होता था बच्चे बाहर पढ़ने नहीं जा पाए थे। प्रेमनगर की बेटियों की शादी करने में बड़ी परेशानी होती थी स्थानीय लोगों ने कहा, पहली बार ऐसा हुआ है कि शिलान्यास के एक महीने के भीतर काम शुरू होते देखा।
सभी परेशानियों को देखते हुए मंत्री ने विभागीय अधिकारियों और संवेदक को गुणवत्ता से समझौता न करने और समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मानसून से पहले सड़क तैयार हो सके। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा, हमारा लक्ष्य केवल पत्थर गाड़ना नहीं, बल्कि सड़क बनाकर जनता को समर्पित करना है। प्रेम नगर की पुरानी समस्या का समाधान प्राथमिकता में था और खुशी है कि काम समय पर शुरू हुआ।”
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माण कार्य तय समय और मानक के अनुरूप पूरा हो, ताकि प्रेम नगर के लोगों को वर्षों की प्रतीक्षा का स्थायी समाधान मिल सके।



