अमरोहा
मुरादाबाद बाल सुधार गृह में नाबालिग से मारपीट
अधीक्षक समेत 5 आरोपी, 9 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद के राजकीय संप्रेक्षण गृह में एक बाल अपचारी के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में बाल सुधार गृह के अधीक्षक मुकेश चौधरी सहित पांच लोगों और 8-9 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अमरोहा में एफआईआर दर्ज की गई है।घटना की जानकारी 22 अगस्त को तब सामने आई, जब बाल अपचारी की मां अधिवक्ता के साथ मुलाकात करने पहुंची। बेटे ने रोते हुए बताया कि अधीक्षक और कर्मचारियों की मौजूदगी में उसे पीटा गया। उसके चेहरे पर चोट के निशान भी स्पष्ट दिखाई दे रहे थे।
यह बाल अपचारी अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र के तिगरिया भूड़ का रहने वाला है। 16 मार्च 2025 को पेट्रोल पंप पर हुए विवाद में गोली मारने के मामले में इसे पकड़ा गया था। अदालत के आदेश पर इसे मुरादाबाद स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया था।
किशोर न्याय बोर्ड अमरोहा के प्रधान मजिस्ट्रेट एश्वर्या चंद्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल अपचारी की मेडिकल रिपोर्ट मंगवाई। साथ ही जिला प्रोवेशन अधिकारी अमरोहा को जांच सौंपी। डीएम अमरोहा को निर्देश दिए गए कि बाल अपचारी को मुरादाबाद से किसी अन्य सुरक्षित सुधार गृह में स्थानांतरित किया जाए। इसके बाद पीड़ित को मेरठ भेज दिया गया।सीओ अंजलि कटारिया के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75, बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



