आज गाँधी जयंती के अवसर पर प्रभात फेरी/जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर अपर जिला जज प्रथम हनी गोयल व अन्य न्यायिक अधिकारीगण द्वारा किया गया रवाना-
पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकली गई प्रभातफेरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हापुड़ अजय कुमार सिंह प्रथम के कुशल मार्गदर्शन में आज शहर में पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
प्रभात फेरी का शुभारंभ जनपद न्यायालय हापुड़ के मुख्य गेट से अपर जिला जज प्रथम हनी गोयल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट ज्ञानेन्द्र सिंह यादव, अपर जिला जज द्वितीय शेषबहादुर निषाद, अपर जिला जज (पोक्सो एक्ट द्वितीय) अवनीश कुमार राय , अपर जिला जज (त्वरित न्यायालय द्वितीय) विरेश चन्द्रा, सिविल जज सी०डि० द्वितीय/प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण असगर अली एवं अन्य समस्त न्यायिक अधिकारीगण व जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ० श्वेता पूठिया व प्राधानाचार्य श्रीमति शैलजा कुमारी, जिला संगठन आयुक्त श्रीप्रकाश शर्मा, हेड क्वार्टर कमीश्नर भारत भूषण वत्स, अध्यापकगण निति शर्मा, रेखा शर्मा, राजुकमारी गुप्ता, राजकुमार सिंह व मुकेश इत्यादि उपस्थित रहे।
यह प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। इस दौरान प्रतिभागी हाथों में बाल सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, बच्चों के विधिक अधिकार और पॉक्सो एक्ट से जुड़े नारों की तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए के प्रभारी सचिव असगर अली ने बताया कि बच्चों के प्रति होने वाले किसी भी प्रकार के यौन अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण हथियार है। पॉक्सो कानून बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने और उन्हें अपराधों से बचाने के लिए बेहद सख्त प्रावधान करता है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना डरे विधिक सहायता और हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 1098 अथवा 15100) का उपयोग करने की अपील की है ।



