गाजियाबाद
पूर्व लाभार्थियों की बैठक में स्वरोजगार एवं ऋण प्रक्रियाओं पर दिया गया मार्गदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद : कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद के तत्वावधान में जनपद गाजियाबाद के खण्ड रजापुर स्थित सब सेंटर मिसलगढ़ी, डासना में पूर्व लाभार्थियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सत्येंद्र कुमार सागर, उप प्रधानाचार्य, महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजनगर गाजियाबाद रहे।
मुख्य अतिथि श्री सागर ने पूर्व लाभार्थियों को स्वरोजगार एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बैंक से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, स्वयं सहायता समूह (SHG) तथा संयुक्त देयता समूह (JLG) के गठन एवं उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनने एवं सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में कुल 55 पूर्व लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय सहायक मोहित, अनुदेशक सुहैब तथा अनुदेशिका खुशबू सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
