
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े झारखंड के तीन और पश्चिम बंगाल के एक आरोपी को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी लोगों के मोबाइल चोरी कर उनके खातों से रकम उड़ाते थे। चोरी के मोबाइल से साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। आरोपियों के पास से चोरी के 45 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि शहर में कुछ लोगों से हुई साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस जांच कर रही थी। ठगी में शामिल संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन बरेली जंक्शन पर आ रही थी। लोकेशन पर पहुंचकर साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह के झारखंड महाराजपुर साहिबगंज निवासी सागर कुमार, सुमित कुमार, रिषी कुमार और पश्चिम बंगाल आसनसोल भाटपाड़ा निवासी आकाश नुनईया को गिरफ्तार कर लिया। चारों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया, कोर्ट ने इन्हें जेल भेजा है।
झारखंड और बंगाल के ठगों को उपलब्ध कराते थे चोरी के मोबाइल
एसपी क्राइम ने बताया कि अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े चारों ठग भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर मोबाइल चोरी करते थे और यूपीआई के जरिये लोगों के खाते खाली कर देते थे। इसके बाद चोरी के मोबाइल झारखंड और पश्चिम बंगाल के साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इन मोबाइल का इस्तेमाल साइबर ठगी करने के लिए किया जाता था। चारों आरोपी बरेली में मोबाइल चोरी करने के लिए कई दिनों से रह रहे थे। इन लोगों के पास 15 लाख रुपये कीमत के 45 मोबाइल मिले जो चोरी के बताए गए हैं। गिरोह के खिलाफ उत्तराखंड में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।


