गाजियाबाद
लोनी में युवक पर चाकू से हमला, हालत चिंताजनक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक पर चाकू से जान लेवा हमला कर दिया गया। यह घटना निठोरा रोड स्थित अली गार्डन कॉलोनी की है। घायल युवक की पहचान सलीम उर्फ सलीम नास्तिक के रूप में हुई है। हमले में उनके पेट और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। बताया जा रहा है कि सलीम अपने घर पर मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सलीम सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करते रहते हैं। पुलिस उनके सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच कर रही है, ताकि हमले के सही कारणों का पता लगाया जा सके। घटना की जानकारी मिलते ही कुछ सामाजिक संगठनों के लोगों ने हमले की निंदा की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
सूचना मिलते ही एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

