गाजियाबाद
मीरपुर हिंदू गांव में डंपिंग ग्राउंड के विरोध में 1 मार्च को महापंचायत
राकेश टिकैत होंगे शामिल होंगे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : मीरपुर हिंदू गांव में प्रस्तावित डंपिंग ग्राउंड के विरोध को लेकर ग्रामीणों और किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। हाल ही में डंपिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद क्षेत्र में आक्रोश और भी बढ़ गया है। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर 1 मार्च को गांव में महापंचायत आयोजित की जाएगी।
महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर किसानों और ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है। भाकियू पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक डंपिंग ग्राउंड का प्रस्ताव निरस्त नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि डंपिंग ग्राउंड बनने से गांव के पर्यावरण, खेती और जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। किसानों का कहना है कि डंपिंग साइट से निकलने वाला कचरा और गंदा पानी खेतों को बर्बाद कर देगा तथा भूजल भी प्रदूषित होगा। वहीं, प्रशासन का कहना है कि परियोजना सभी नियमों के तहत बनाई जा रही है, लेकिन ग्रामीणों का विश्वास अभी भी कायम नहीं हो पाया है।
लाठीचार्ज की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसानों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध के बावजूद पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस घटना के विरोध में भी महापंचायत में आवाज उठाई जाएगी।
महापंचायत को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जगह-जगह बैठकों का दौर चल रहा है, पंडाल और मंच की व्यवस्था की जा रही है तथा दूर-दराज के गांवों से किसानों को आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण महापंचायत में पहुंचेंगे।
भाकियू नेताओं का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ मीरपुर हिंदू गांव की नहीं, बल्कि किसानों की जमीन और पर्यावरण की रक्षा की लड़ाई है। महापंचायत में आगामी आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।


