होली त्यौहार के मद्देनजर जिले में फ्लैग मार्च, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई
Flag march in the district in view of Holi festival, strict action will be taken against rioters.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में एसडीओ साईमन मरांडी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल ने आम नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पवित्र होली मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हाल में कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। इस दौरान एसडीपीओ डीएन आजाद सहित सभी थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे। मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन ने यह भी बताया कि होली के दौरान सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जायेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या प्रशासन को देने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि होली का त्योहार प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।



