गोड्डा
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पहुंचे मोकल चक, मृतक के परिजनों को दी एक लाख की सहायता

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बसंतराय : प्रखंड क्षेत्र के मोकल चक निवासी युवक ऋषि कुमार की मौत मामले में गुरुवार को गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे मृतक के गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया साथ ही आर्थिक सहायता हेतु एक लाख रुपये की राशि प्रदान की। सांसद श्री दुबे ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी, जरूरत पड़ी तो फांसी तक की सिफारिश करेंगे। उन्होंने मामले को लेकर गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार और गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी से भी बात की है। वहीं उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इस दौरान मोकल चक धाम के बाबा बिहारी सिंह ने सांसद से बताया कि गांव में डर का माहौल है, आम लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा की मांग की। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व 19 वर्षीय ऋषि कुमार का शव गांव के समीप बबूल के पेड़ से लटका मिला था। मृतक परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



