स्वांग वाशरी के समीप रेल अंडरपास में जमा पानी के निकासी एवं जीर्णोद्धार की अविलंब व्यवस्था हो – राकेश कुमार।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के गोमिया प्रखंड सचिव -सह- एनसीओईए (सीटू) के स्वांग वाशरी शाखा सचिव राकेश कुमार ने धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल अभियंता को गोमो-बरकाकाना रेल पथ के गोमिया बोकारो थर्मल स्टेशन के बीच सीसीएल के स्वांग वाशरी के समीप रेल अंडरपास में पानी भर जाने की सूचना व समुचित कार्रवाई हेतु एक पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि लगभग तीन-चार वर्ष पूर्व सीसीएल के स्वांग वाशरी के समीप स्वांग वाशरी जाने के लिए रेल अंडरपास का निर्माण करवाया गया था। इसके साथ-साथ स्वांग कोलियरी एवं हजारी पंचायत के गैर मजरूआ बस्ती जाने के लिए भी रेल अंडर पास का निर्माण करवाया गया था। तीनों ही रेल अंडरपास का निर्माण भारी अनियमित का शिकार हुआ एवं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। मात्र एक दो वर्ष बीतने के बाद ही तीनों अंडरपास बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा हमने इसकी लिखित शिकायत संबंधित विभाग से कई बार की है। अभी कुछ दिनों पूर्व स्वांग वाशरी जाने के लिए बने अंडरपास में एक से दो फीट तक पानी जमा हो गया है। अंडरपास के बीच में बना नाली क्षतिग्रस्त हो चुका है, इस कारण आवागमन बाधित है एवं चुनौतियों से भरा है। कई मोटरसाइकिल सवार गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं स्वांग वाशरी के लिए कोयला ढुलाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पत्र लिखकर वरिष्ठ मंडल अभियंता, धनबाद रेल मंडल से मांग किया है कि तत्काल इस रेल अंडरपास के आवागमन को सुचारू रूप से चालू करने के लिए वैकल्पिक समुचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा है कि जमा पानी की निकासी तत्काल की जाए एवं इस रेल अंडरपास का जीर्णोद्धार किया जाए। उन्होंने कहा है कि गोमिया रेलवे स्टेशन के आसपास रेल के जितने भी कार्य हो रहे हैं भारी अनियमिताएं देखने को मिल रही है यह भी एक जांच का विषय है।



