बिहारराष्ट्रीय

बड़ा हादसा टला

बिहार से दिल्ली आ रही ट्रेन में लगी आग, जाम हो गए अमृत भारत एक्सप्रेस के ब्रेक; यात्री परेशान

खुर्जा। इंजन के पेंटो में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगने और ब्रेक जाम होने के चलते ट्रेन को खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर सुबह आठ बजे करीब रोका गया था। इसके बाद 11:50 बजे करीब ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
यूपी के खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा होने से टल गया। अमृत भारत एक्सप्रेस के इंजन के पेंटो में अचानक आग लग गई, जिसको समय रहते ही शांत करा दिया गया। ऐसे में ट्रेन को खुर्जा जंक्शन पर लगभग चार घंटे तक रोका गया। ऐसे में कुछ यात्री पैसेंजर ट्रेनों की मदद से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। ट्रेन को अतिरिक्त इंजन की मदद से लूप लाइन पर लाया गया, जिससे अन्य ट्रेनों का समय प्रभावित नहीं हुआ।
बिहार के गया से आ रही थी ट्रेन-स्टेशन अधीक्षक घनश्याम मीना ने बताया कि ट्रेन संख्या 13697 अमृत भारत एक्सप्रेस गुरुवार को बिहार के गया से रवाना हुई थी और शुक्रवार को पुरानी दिल्ली स्टेशन पहुंचनी थी। अलीगढ़ जंक्शन के बाद से ट्रेन में कोई तकनीकी समस्या सामने आई। ऐसे में लोको पायलट ने इंजन में तकनीकी समस्या की सूचना खुर्जा जंक्शन रेलवे प्रबंधन को दी।
बंद हो गया था ट्रेन का इंजन-खुर्जा जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर एक से पहले ही ट्रेन को रोक दिया गया। तभी इंजन के पेंटो (रेलवे लाइन के ऊपर लगे बिजली के तारों से इंजन को जोड़ने या विद्युत प्रवाह देने वाला उपकरण) में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई थी, जिसको समय रहते हुए शांत कराया गया। इसके बाद इंजन बंद हो गया था तो ट्रेन को अतिरिक्त इंजन की मदद से लूप लाइन पर खड़ा किया गया, जिससे अन्य ट्रेनों का आवागमन बाधित नहीं हो। ट्रेन को जंक्शन पर लाया गया और टीएक्सआर की टीम पेंटो और अन्य पुर्जे ठीक करने में जुट गई।
12 बजे हुई दिल्ली रवाना-वहीं ट्रेन सवार राजाराम झा ने बताया कि ट्रेन अचानक खुर्जा जंक्शन पर रोक दी गई थी। इस दौरान तेज बारिश भी थी, जिस कारण बाहर बाहर निकलना भी मुश्किल था। ऐसे में स्टेशन के बाहर जाकर दूसरे वाहन की व्यवस्था देखना भी मुश्किल था। दोपहर 12 बजे के बाद ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई। वहीं, यात्री राम सेवक पांडे ने बताया कि उनको नौ बजे तक दिल्ली पहुंचना था, लेकिन स्टेशन पर ही ज्यादा समय लग रहा था। जंक्शन पर पूछताछ केंद्र पर पूछा तो ईएमयू ट्रेन की जानकारी मिली, जिसमें बैठकर वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
पैसेंजर ट्रेन से रवाना हुए लोग-यात्रियों ने बताया कि सुबह के वक्त खुर्जा जंक्शन से पुरानी दिल्ली जाने के लिए दो ईएमयू ट्रेन चलती हैं, जिस कारण यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। अधिकांश यात्री अलीगढ़ व अन्य स्टेशन पर उतर गए थे तो ट्रेन में पहले से ही यात्री कम थे। वहीं, खुर्जा जंक्शन पर सुबह साढ़े नौ बजे टूंडला से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन और दस बजे हाथरस से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन मिल गई थी, जिनमें कुछ यात्री बैठकर अपने गंतव्य पर रवाना हो गए।
आग लगने से जमा हो गए थे ब्रेक-इंजन के पेंटो में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगने और ब्रेक जाम होने के चलते ट्रेन को खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर सुबह आठ बजे करीब रोका गया था। इसके बाद 11:50 बजे करीब ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। यात्री दो अलग-अलग पैसेंजर ट्रेन से दिल्ली चले गए थे तो ज्यादा परेशानी नहीं हुई। -घनश्याम मीना, स्टेशन अधीक्षक

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button