बरेली
अपर जिलाधिकारी नगर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक
स्कूलों के आस-पास स्पीड ब्रेकर तथा सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगाए जाने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में आज सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर ने निर्देश दिए कि स्कूलों के आस-पास अनिवार्य रूप से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं तथा विद्यालय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सी0सी0टी0वी0 कैमरे भी लगाए जाएं। साथ ही बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को जागरूक करने पर भी बल दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र अथवा निर्धारित मानकों के कोई भी स्कूली वाहन सड़कों पर संचालित न हो।
बैठक में पेट्रोल पंपों, ढाबों और टोल प्लाजा के आस-पास सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतक, होर्डिंग और बैनर लगाए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके। बैठक में अवगत कराया गया कि भारी वाहनों एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। अपर जिलाधिकारी नगर ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ घरों में भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाया जा सकता है और जनहानि को कम किया जा सकता है। बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह, परिवहन विभाग के अधिकारी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



