गाजियाबाद
राम नवमी पर लोनी में अलर्ट
अष्टमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, सड़कों पर भंडारों की धूम ,प्रशासन सख्त, हर गतिविधि पर पुलिस की नजर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद): राम नवमी के पावन पर्व को लेकर लोनी क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शांति व सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से लोनी कोतवाली, अंकुर विहार, ट्रोनिका सिटी और लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके चलते सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की सरगर्मी तेज हो गई है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन द्वारा आयोजित बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राम नवमी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जुलूसों के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य की गई है और निर्धारित मार्ग व समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। बिना अनुमति के किसी भी धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम पर रोक रहेगी।
मंदिरों में अष्टमी को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अष्टमी के अवसर पर लोनी के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए कतारों में लगे हैं और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है। मंदिरों के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
सड़कों पर रही भंडारों की धूम
अष्टमी के उपलक्ष्य में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जो लोगों का खासा ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं और सामाजिक समरसता का संदेश दे रहे हैं। प्रशासन ने आयोजकों को निर्देश दिया है कि वे साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा नियमों का विशेष ध्यान रखें।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी
लोनी कोतवाली, अंकुर विहार, ट्रोनिका सिटी और लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही जरूरत पड़ने पर बैरिकेडिंग भी की जा रही है।
प्रशासन की आम जनता से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे राम नवमी का पर्व शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
राम नवमी के इस पावन अवसर पर लोनी क्षेत्र भक्ति, उत्साह और सुरक्षा के सख्त इंतजामों के बीच सराबोर नजर आ रहा है।

