असम के तिनसुकिया निर्वाचन जिले में SVEEP के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम विधानसभा चुनाव-2026 के लिए 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए मतदाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से तिनसुकिया निर्वाचन जिले के SVEEP (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन भागीदारी) प्रकोष्ठ द्वारा मार्घेरिटा विधानसभा क्षेत्र के डिहिंग चाय बागान में आज गुरुवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तिनसुकिया जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला आयुक्त सुमित सत्तावान और मार्घेरिटा सम जिला आयुक्त राहुल दलई की उपस्थिति में मतदाता सूचना पर्ची (Voter Information Slip) का वितरण किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य मतदाओं को मतदान केंद्र, सीरियल नंबर, मतदान की तिथि एवं समय आदि के बारे में जागरूक करना था, ताकि वे सहज एवं सुव्यवस्थित ढंग से मतदान कर सकें।जिला आयुक्त के महत्वपूर्ण निर्देशजिला निर्वाचन अधिकारी सुमित सत्तावान ने उपस्थित मतदाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व के चुनावों में तिनसुकिया जिले के कुछ क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा था, लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव-2026 में अधिकतम मतदाता भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने बूथ स्तर के अधिकारियों (BLO) की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए मतदाता सूचना पर्ची को मात्र एक कागज नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक उत्सव में भाग लेने का निमंत्रण पत्र बताया। सत्तावान ने स्पष्ट किया कि 9 अप्रैल को गुरुवार सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने मतदाओं को अंतिम समय पर किसी असुविधा से बचने के लिए पूर्व में अपने मतदान केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी। जिला आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पुरुष एवं महिला के लिए अलग कतारें, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन एवं गर्भवती महिलाओं के लिए प्राथमिकता प्राप्त पहुंच, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा एवं स्वयंसेवकों की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने मतदाओं को निर्देश दिया कि मतदान कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित है। मोबाइल को निर्दिष्ट स्थान पर जमा कर टोकन प्राप्त करना होगा तथा मतदान समाप्ति के बाद ही वापस ले सकेंगे। इसके अलावा EPIC या स्वीकृत 12 पहचान पत्रों में से कोई एक साथ लाने के निर्देश दिए। सत्तावान ने प्रशासन द्वारा चुनाव सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के निरंतर प्रयासों एवं मतदान कर्मियों के कठिन परिश्रम की सराहना की तथा 1950 हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताते हुए सक्रिय मतदान के लिए आह्वान किया। कार्यक्रम में BLOs ने अपने-अपने मतदान केंद्रों के मतदाओं को मतदाता सूचना पर्ची वितरित की। SVEEP प्रकोष्ठ ने ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में मतदाता, BLO, BLO पर्यवेक्षक एवं डिहिंग चाय बागान प्रबंधन ने सक्रिय भागीदारी की।


