जालौन

मातारानी के दरबार में पूजा अर्चना करने उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

 दुर्गा नवमी पर जवारे निकालकर देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा की धारा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जगम्मनपुर (जालौन)। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर दुर्गा नवमी के दिन क्षेत्र भर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने अपने घरों में बोए गए जवारे (जौ) को विधि-विधान के साथ निकालकर माता रानी के जयकारों के बीच शोभायात्रा के रूप में मंदिरों की ओर प्रस्थान किया।
जनपद के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जालौन देवी के नाम से प्रसिद्ध जयंती माता मंदिर, कर्णदेवी मंदिर, पंचनद संगम स्थित काली माता मंदिर, रामपुरा का भैरव जी मंदिर तथा जगम्मनपुर की बड़ी माता मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों पर भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालु सुबह से ही कतारों में लगकर मां के दर्शन के लिए उत्सुक नजर आए। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर जवारे रखकर भजन-कीर्तन करते हुए मंदिरों तक पहुंचीं। “जय माता दी” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर कई स्थानों पर भंडारे और कन्या पूजन का आयोजन किया गया। छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया और उन्हें भोजन कराकर प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर इन धार्मिक आयोजनों में भाग लिया। भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। रामपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह, उप निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल मंदिरों के आसपास तैनात रहा, जिससे व्यवस्था सुचारु बनी रही और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। दुर्गा नवमी के इस पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर नजर आया और हर ओर आस्था, श्रद्धा व उल्लास का माहौल देखने को मिला।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button