जालौन
डीएम के औचक निरीक्षण से बेसिक शिक्षा कार्यालय में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली और अभिलेखों की स्थिति देखी। उन्होंने सेवा पुस्तिका, जीपीएफ सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े पेंशन, जीपीएफ, चयन वेतनमान सहित अन्य प्रकरणों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उन्हें कार्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कार्यालय में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने तथा कर्मचारियों के निर्धारित ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों-कर्मचारियों से जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई गई।
निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



