बरेली
एसआरएमएस सीईटीआर में दो दिवसीय स्पंदन 2026 ‘उत्सर्ग’ का आगाज
व्यक्तित्व विकास के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम जरूरीः आदित्य मूर्ति

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी एण्ड रिसर्च (एसआरएमएस सीईटीआर)में शुक्रवार को दो दिवसीय सांस्कृतिक फेस्ट स्पंदन 2026 ‘उत्सर्ग’ का शानदार आगाज हुआ। एसआरएमएस सीईटीआर एवं एसआरएमएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेस्ट का उद्घाटन की घोषणा एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति जी ने की। प्रथम पूज्य भगवान गणेश की वंदना के बाद स्पंदन 2026 ‘उत्सर्ग’ का आरंभ हुआ। जिसमें विद्यार्थियों ने गीत संगीत और नृत्य के साथ अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। एसआरएमएस सीईटीआर के डीन एकेडेमिक्स डा.शैलेश सक्सेना, एसआरएमएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल डा.मुथु महेश्वरी, सीईटी के प्राचार्य डा.प्रभाकर गुप्ता, डायरेक्टर प्लेसमेंट सेल डा.अनुज कुमार एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित एवं मां सरस्वती के समक्ष माल्यार्पण कर किया। सीईटीआर के ऑडिटोरियम में आदित्य मूर्ति ने स्पंदन 2026 ‘उत्सर्ग’ के लिए सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने व्यक्तित्व विकास के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल उत्सवों को महत्वपूर्ण बताया। कहा कि सभी में कोई न कोई विशेषता होती है। इस विशेष प्रतिभा को निखारने के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्पंदन 2026 ‘उत्सर्ग’ भी ऐसा ही आयोजन है। सभी विद्यार्थी इस मंच का फायदा उठाएं और अपनी स्किल को निखार कर अपने व्यक्तित्व को निखारें। पढ़ाई और करियर के साथ यह भी जरूरी है। आदित्य मूर्ति के साथ एसआरएमएस ट्रस्ट के एडवाइजर सुभाष मेहरा ने इस अवसर पर आर्ट गैलरी का भी उद्घाटन किया। इसमें अपने पोस्टर के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इससे पहले उद्घाटन समारोह में केयरिंग हैण्ड क्लब की सेक्रेटरी सिमरनजीत कौर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और दो दिवसीय सांस्कृतिक फेस्ट स्पंदन 2026 ‘उत्सर्ग’ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्पंदन 2026 ‘उत्सर्ग’ कंपटीशन का मंच न होकर टैलेंट, स्प्रिट और क्रिएटिविटी का उत्सव है। यह विद्यार्थियों के क्लब वर्व और केयरिंग हैंड टीम की प्लानिंग और मेहनत के साथ ही गुरुजनों के सतत मार्गदर्शन का भी नतीजा है। उद्घाटन समारोह के अंत में वर्व के सेक्रेटरी वैभव पांडेय ने सभी गणमान्य जनों का आभार जताया और धन्यवाद ज्ञापित किया। उद्घाटन समारोह का संचालन शिखर मेहरोत्रा और माहीन खान ने किया। इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्टी देविशा मूर्ति, एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डा.एमएस बुटोला, पैरामेडिकल कालेज की प्रिंसिपल डा.जसप्रीत कौर, फार्मेसी विभाग के डायरेक्टर डा. अमित कुमार शर्मा, डीएसडब्ल्यू डा.केके अग्रवाल, डा.पारसराम सहित ट्रस्ट से सम्बद्ध सभी महाविद्यालयों के छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष, मुख्य निरीक्षक, प्राध्यापक, स्टाफ एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



