आईजी रतनलाल डांगी निलंबित, महिला से कथित यौन शोषण, अश्लील चैट और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से मचा हड़कंप
IG Ratanlal Dangi suspended after allegations of sexual harassment, obscene chats and blackmailing of a woman created a stir.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी को गंभीर आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि एक महिला द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और अनुचित आचरण के आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर पाए गए हैं, जिसके चलते निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। डांगी वर्तमान में आईजी के पद पर पदस्थ थे। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित कर दिया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है। मामला उस समय सामने आया जब एक सब इंस्पेक्टर की पत्नी, जो पेशे से योग प्रशिक्षक बताई जा रही है, ने 15 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि 2017 में कोरबा में एसपी रहते हुए डांगी सोशल मीडिया के माध्यम से उसके संपर्क में आए थे। इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉल, निजी मुलाकातों और आधिकारिक आवास पर बुलाकर दबाव बनाना शुरू किया। महिला का दावा है कि आरोपी अधिकारी वीडियो कॉल के दौरान अश्लील हरकतें करते थे और उसके पति को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ट्रांसफर कराने की धमकी देकर उसे डराते थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों तक उसका शोषण किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अधिकारी ट्रांसफर के नाम पर पैसे लेते थे और अवैध संपत्ति अर्जित की है। महिला ने राजस्थान के जयपुर सहित अन्य स्थानों पर करोड़ों की संपत्ति होने का दावा किया है। उसने यह भी कहा कि आरोपी ने उसके नाम और अपने परिवार के नाम से जमीन खरीदी और अस्पताल बनाने की बात कही थी। महिला के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के चलते उसका पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हुआ है। उसने पुलिस मुख्यालय में कई साक्ष्य भी जमा कराए हैं, जिनमें कथित चैट और वीडियो शामिल हैं।
गृह विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरोपों की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रतनलाल डांगी इससे पहले कोरबा, बिलासपुर, कांकेर और बीजापुर जैसे जिलों में एसपी रह चुके हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक शिक्षक के रूप में की थी और बाद में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बने थे।


