छत्तीसगढ़

कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अमित कुमार सिन्हा सम्मानित

फूड प्रोसेसिंग एक्सीलेंस अवार्ड मिलने पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी बधाई, कहा—अनुसंधान और नवाचार से कृषि विकास को मिलती है नई दिशा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

धमतरी। कृषि एवं संबद्ध विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और खाद्य प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र, धमतरी में कार्यरत डॉ. अमित कुमार सिन्हा को प्रतिष्ठित फूड प्रोसेसिंग एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर आज डॉ. सिन्हा ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉ. सिन्हा को यह सम्मान नई दिल्ली में 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित आठवें वैश्विक कृषि सम्मेलन ‘नारी-2026’ (NAARI-2026) के समापन समारोह में प्रदान किया गया। ‘अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से कृषि उन्नति को प्रोत्साहन’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन का आयोजन एग्री मीट फाउंडेशन एवं एग्रीकल्चर वाली रिसर्च फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा किया गया था। पुरस्कार चयन समिति की अनुशंसा पर उन्हें कृषि एवं संबद्ध विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। कृषि उपज का मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन), प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों का उपयोग तथा कृषि आधारित उद्यमों को प्रोत्साहन देकर किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान के क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञों की उपलब्धियां अन्य कृषि वैज्ञानिकों, युवाओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं।

डॉ. सिन्हा को मिला यह सम्मान कृषि एवं संबद्ध विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। ऐसी उपलब्धियां जिले में कृषि अनुसंधान, तकनीकी ज्ञान के प्रसार तथा कृषि आधारित गतिविधियों को नई दिशा देने में सहायक होती हैं। इससे किसानों तक वैज्ञानिक पद्धतियों और नवाचारों की जानकारी पहुंचाने तथा कृषि उपज के बेहतर उपयोग की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिलता है।

धमतरी जैसे कृषि प्रधान जिले में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं को आगे बढ़ाना विशेष महत्व रखता है। स्थानीय कृषि उत्पादों का उचित प्रसंस्करण, गुणवत्ता में सुधार, बेहतर विपणन और मूल्य संवर्धन किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित कर सकते हैं। डॉ. सिन्हा की यह उपलब्धि कृषि विज्ञान एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने वाली है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button