खैरथल-तिजारा जिले में छह मेडिकल स्टोर के औषधि अनुज्ञापत्र निलंबित
निरीक्षण में मिली अनियमितताओं पर औषधि नियंत्रक विभाग की कार्रवाई, 6 से 8 दिन तक नहीं कर सकेंगे औषधियों का विक्रय एवं वितरण
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा औषधि अनुज्ञापत्र की शर्तों के उल्लंघन एवं निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में कार्रवाई करते हुए जिले के छह मेडिकल स्टोर के औषधि अनुज्ञापत्र निलंबित किए गए हैं। इनमें एक मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र छह दिवस, दो मेडिकल स्टोर का सात दिवस तथा तीन मेडिकल स्टोर का आठ दिवस के लिए निलंबित किया गया है।
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक नरोत्तम देव बारोठिया ने बताया कि औषधि नियंत्रण अधिकारी विष्णु कुमार शर्मा द्वारा विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान औषधि अनुज्ञापत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं करने, निरीक्षण पुस्तिका उपलब्ध नहीं होने, नियमित रूप से विक्रय बिल जारी नहीं करने, शेड्यूल H1 रजिस्टर का संधारण एवं अद्यतन नहीं रखने, क्रय बिल कालानुक्रमिक क्रम में संधारित नहीं करने तथा कुछ औषधियों के विक्रय संबंधी विवरण मांगे जाने पर प्रस्तुत नहीं करने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
उन्होंने बताया कि संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण एवं व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर दिया गया। फर्मों द्वारा प्रस्तुत जवाब, निरीक्षण रिपोर्ट एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण के बाद निरीक्षण के समय पाई गई अनियमितताएं प्रमाणित पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
इन मेडिकल स्टोरों के अनुज्ञापत्र किए निलंबित
विभाग द्वारा तिजारा तहसील के होली टीबा स्थित मैसर्स यमन मेडिकल एंड जनरल स्टोर का औषधि अनुज्ञापत्र 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सात दिवस के लिए निलंबित किया गया है। इसी प्रकार विशाल मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र 26 से 31 अक्टूबर तक छह दिवस के लिए तथा टपूकड़ा स्थित हिन्दुस्तान मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सात दिवस के लिए निलंबित किया गया है।
इसके अतिरिक्त टपूकड़ा स्थित गुप्ता मेडिकोज, भिवाड़ी की आरएचबी कॉलोनी स्थित गोविन्द मेडिकल स्टोर तथा किशनगढ़बास के गंज रोड स्थित राजस्थान मेडिकल स्टोर के औषधि अनुज्ञापत्र 27 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आठ-आठ दिवस के लिए निलंबित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा तदधीन नियमावली, 1945 के प्रावधानों एवं अनुज्ञापत्र की शर्तों के उल्लंघन के आधार पर की गई है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित मेडिकल स्टोर अपने निलंबित अनुज्ञापत्रों के अंतर्गत औषधियों का विक्रय एवं वितरण नहीं कर सकेंगे।
निलंबित किए गए मेडिकल स्टोरों में
मैसर्स यमन मेडिकल एंड जनरल स्टोर — होली टीबा तिजारा; हिन्दुस्तान मेडिकल स्टोर — टपूकड़ा; गुप्ता मेडिकोज — टपूकड़ा; गोविन्द मेडिकल स्टोर — आरएचबी कॉलोनी, भिवाड़ी; राजस्थान मेडिकल स्टोर — गंज रोड, किशनगढ़बास तथा मैसर्स राहुल मेडिकल स्टोर — सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने, तिजारा शामिल हैं।

