
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (साह अस्पताल) में सोमवार को एच पी वी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसने स्वास्थ्य जागरूकता की नई उम्मीद जगा दी है। कार्यक्रम का उद्घाटन महागामा प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा एवं अस्पताल प्रभारी डॉ. खालिद अंजुम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर अस्पताल के सभी चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने एच पी वी टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर बेटी तक यह सुरक्षा कवच पहुंचे और भविष्य में कैंसर जैसी घातक बीमारी के मामलों में कमी लाई जा सके।महागामा प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और समय पर एच पी वी का टीका जरूर दिलवाएं। वहीं अस्पताल प्रभारी डॉ. खालिद अंजुम ने आश्वासन दिया कि महागामा क्षेत्र में इस अभियान को तेज गति से चलाया जाएगा और किसी भी लाभुक को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक किशोरियों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। बताया गया कि गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। महागामा में शुरू हुआ यह अभियान न सिर्फ स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखेगा।




