पाकुड़ में आदिम जनजातियों के एनटाइटलमेंट सर्वेक्षण हेतु विशेष अभियान, एक माह में पूरा करने का लक्ष्य
Special campaign for entitlement survey of primitive tribes in Pakur, target to complete in one month

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार और भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में आदिम जनजातियों के एनटाइटलमेंट सर्वेक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। सर्वेक्षण 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक मोबाइल एप के माध्यम से पूरे जिले के 349 गांवों के 447 टोल और 16,778 हाउसहोल्ड में रहने वाले 73,173 आदिम जनजाति व्यक्तियों पर किया जायेगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी पर्यवेक्षक के रूप में कार्य करेंगे। मोबाइल संचालन में दक्ष स्थानीय युवाओं/कर्मियों को एन्यूमैरेटर के रूप में नियुक्त किया जाएगा, प्रत्येक 100 हाउसहोल्ड पर एक एन्यूमैरेटर सुनिश्चित किया गया है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सर्वेक्षण के दौरान किसी भी लाभुक से ओटीपी नहीं लिया जाएगा। आवश्यक दस्तावेज़ जैसे नरेगा जॉब कार्ड, पेंशन, आवास, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, आधार कार्ड, इम्यूनाइजेशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, पीएम किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कृषि सिंचाई योजना और टीएचआर से संबंधित जानकारी संग्रहित और मोबाइल एप में अपलोड की जायेगी। सर्वेक्षण के त्रुटिरहित पूर्ण होने पर प्रत्येक हाउसहोल्ड के लिए 150 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। 31 मार्च को आईटीडीए कार्यालय में प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों का प्रशिक्षण और 01 अप्रैल को प्रखंड स्तर पर सभी एन्यूमैरेटर का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। पंचायत सचिवों को भी अभियान में सहयोग देने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से इस सर्वेक्षण अभियान को गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान किया।



