नगर परिषद अध्यक्ष ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का किया शुभारम्भ
The Municipal Council Chairperson launched the campaign by administering polio drops to children.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। शहरी क्षेत्र के कालिकापुर में रविवार को नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पाकुड़ शहरी क्षेत्र में जन्म से पांच वर्ष तक के कुल 11,800 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 63 पोलियो बूथ बनाए गये हैं। बूथ दिवस के बाद अगले दो दिनों तक स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर छूटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलायेंगी। मौके पर जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विनोद कुमार वर्मा, अर्बन बीटीटी प्रीतम कुमार, सुपरवाइजर अनामिका एवं झरना रविदास, सहिया शबाना बीबी तथा डब्ल्यूएचओ फील्ड मॉनिटर हन्नान अहमद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।



