गाजियाबाद
नई दिल्ली में रॉलेट एक्ट विरोध के शहीदों को नमन
स्वामी श्रद्धानन्द के विचारों को अपनाने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद। चांदनी चौक स्थित टाउन हॉल में 30 मार्च 1919 को रॉलेट एक्ट के विरोध में शहीद हुए वीरों की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्वामी श्रद्धानन्द के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक आंदोलन को याद करते हुए उनके साहस, त्याग और देशभक्ति को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।इस अवसर पर यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रवादी शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता जय भगवान गोयल ने कहा कि स्वामी श्रद्धानन्द ने समाज को एकजुट करने और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया, जो आज भी अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने समाज में एकता, जागरूकता और मूल्यों के प्रति समर्पण को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।गोयल ने कहा कि संगठन समाजहित में जागरूकता अभियानों को आगे बढ़ाता रहेगा और लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के प्रति जागरूक करेगा। उन्होंने स्वामी श्रद्धानन्द के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वामी श्रद्धानन्द की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर ईश्वर पाल सिंह, धर्मेन्द्र बेदी, अवध कुमार, शंकर लाल अग्रवाल, विपिन कुमार सिंह, मुकेश गुप्ता, कृष्णा और आर्य समाज के नेता महेन्द्र सहित कई गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



