
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अवध मॉल सिनेमा हॉल के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार नेक्सॉन ईवी कार गलत दिशा (उल्टी साइड) से चल रही थी। इसी दौरान कार ने सामने खड़ी मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर) और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उन पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में विनोद कुमार निवासी बरौली थाना सतरिख को सिर में गंभीर चोट आई, जबकि स्कूटी सवार एक युवती भी घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन अधिकांश लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे।
इसी बीच मौके पर मौजूद दो युवक—निखिल प्रताप सिंह और वीर विक्रांत सिंह—ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत ई-रिक्शा रुकवाया और घायलों को बाराबंकी ट्रामा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने विनोद कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।दोनों युवक घायल के साथ लखनऊ तक गए और उपचार में सहयोग किया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर उन्होंने घायल को उनके हवाले कर दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए परिजनों ने दोनों युवकों का आभार व्यक्त किया हादसे के कारण बाराबंकी-लखनऊ मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। सूचना मिलने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर रामजतन यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जल्द ही यातायात को सुचारू कराया। निखिल प्रताप सिंह और वीर विक्रांत सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क हादसों के दौरान वीडियो बनाने के बजाय घायलों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि समय पर इलाज मिल सके और कीमती जान बचाई जा सके।



