नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी/गाजियाबाद। दिल्ली NCR के लोनी क्षेत्र में मेट्रो विस्तार की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। लोनी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिव विहार (दिल्ली) से मंडोला विहार (लोनी) तक मेट्रो विस्तार को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में अपना ज्ञापन सौंपा।इस दौरान अधिवक्ता सुशील डेनियल, बबीता तोमर, जयदीप सिंह, वेदपाल सिंह, सचिन प्रकाश राय और हरीश कुमार भी मौजूद रहे। ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री व, उपाध्यक्ष गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA), प्रबंध निदेशक दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) और प्रमुख सचिव शहरी विकास विभाग को भी प्रेषित किया गया है।ज्ञापन में कहा गया है कि दिल्ली सीमा से सटे होने के बावजूद लोनी क्षेत्र आज भी मेट्रो जैसी सुरक्षित और मूलभूत सार्वजनिक परिवहन सुविधा से वंचित है। जबकि इस क्षेत्र में करीब 15 से 20 लाख की घनी आबादी क्षेत्र में आवागमन के लिए केवल सीमित साधन उपलब्ध हैं, जो न तो पर्याप्त हैं और न ही पूरी तरह सुरक्षित।अधिवक्ताओं ने अपने ज्ञापन में यह भी भी बताया कि ट्रॉनिका सिटी (Trans Delhi Signature City) जैसे औद्योगिक क्षेत्र और मंडोला विहार योजना में निवेश और विकास की संभावनाएं बेहतर परिवहन व्यवस्था के अभाव में नन नप्रभावित हो रही हैं। जबकि दिल्ली मेट्रो का विस्तार मेरठ और नोएडा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक हो चुका है, लोनी को अब तक इस सुविधा से वंचित रखा गया है।ज्ञापन के अनुसार, DMRC ने दिसंबर 2024 में GDA को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अब तक GDA की ओर से कोई आधिकारिक प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ाया गया है, जिस कारण से यह महत्वपूर्ण परियोजना प्रशासनिक स्तर पर लंबित है।प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का हवाला देते हुए कहा कि सुरक्षित और सुलभ सार्वजनिक परिवहन नागरिकों का अधिकार है। उन्होंने मांग की कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को शीघ्र विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने, DMRC को प्रस्ताव भेजने और परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देने के निर्देश दिए जाएं।
साथ ही, सक्षम स्तर से पूरी प्रक्रिया की समयबद्ध निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

