उपासना मरांडी की पहल से गोबिंदपुर में लगा नया ट्रांसफार्मर, बहाल हुई बिजली आपूर्ति
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के खजूरडांगा पंचायत अंतर्गत गोबिंदपुर गांव में शुक्रवार को केंद्रीय कमेटी सदस्य सह युवा नेत्री उपासना मरांडी की पहल पर 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। ट्रांसफार्मर लगने से कई दिनों से अंधेरे में डूबा गांव एक बार फिर रोशनी से जगमगा उठा। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव का पुराना ट्रांसफार्मर जल जाने से पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, घरेलू कार्य बाधित थे और रात होते ही गांव अंधेरे में डूब जाता था। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने इसकी जानकारी युवा नेत्री उपासना मरांडी को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधा और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराई। उनके प्रयासों से 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया और उसे गांव में स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई। ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांववासियों ने इस पहल के लिए उपासना मरांडी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



