गोड्डा
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने लिया लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नगर परिषद क्षेत्र के शीतला नगर, शिवपुर (वार्ड संख्या 2) में वार्ड पार्षद सौरभ परासर उर्फ बच्चू झा की पहल पर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा लोगों की जांच की गई तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई। इस दौरान विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष सुशील रमानी मुख्य अतिथि तथा नगर उपाध्यक्ष पूजा तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आम जनता को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है और ऐसे आयोजन जनसेवा की मिसाल हैं। इस अवसर पर वार्ड पार्षद सौरभ परासर ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की सेवा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी वार्डवासियों के हित में इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे।



