गाजियाबाद
दिल्ली-सहारनपुर मार्ग के पुनर्निर्माण का विधायक ने किया निरीक्षण
जलभराव व जाम से जूझ रहे लोगों को राहत की उम्मीद

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली-सहारनपुर मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शुक्रवार को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर शिव विहार मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे और निर्माणाधीन आरसीसी मार्ग व जलभराव वाले प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 7 फरवरी को सांसद अतुल गर्ग और विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने संयुक्त रूप से इस परियोजना का निरीक्षण करते हुए इसका उद्घाटन किया था। करीब ₹32.65 करोड़ की लागत से 7 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसके साथ दोनों ओर नालों का भी निर्माण शामिल है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्य अगले चार महीनों में पूरा होने की संभावना है।
क्षेत्रवासियों की प्रमुख समस्याएं:
दिल्ली-सहारनपुर मार्ग लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क की खराब हालत, जगह-जगह गड्ढे और सबसे बड़ी समस्या जलभराव की रही है। खासकर शिव विहार मेट्रो स्टेशन के नीचे और आसपास के इलाकों में बारिश के दौरान पानी भर जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
जलभराव के कारण जहां एक ओर यातायात प्रभावित होता है, वहीं दूसरी ओर घंटों लगने वाले जाम से लोगों का समय बर्बाद होता है। इसके अलावा गड्ढों और धूल-गंदगी के चलते प्रदूषण भी बढ़ता है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
निर्माण से मिलेगी राहत:
नए आरसीसी मार्ग और बेहतर जल निकासी व्यवस्था के निर्माण से इन समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं मजबूत सड़क से यातायात सुगम होगा और जाम की स्थिति में सुधार आएगा।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र में प्रदूषण भी कम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
