गाजियाबाद

संतान की खुशहाली और लंबी उम्र के लिए महिलाओं ने रखा अहोई अष्टमी व्रत 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी (गाजियाबाद)। संतान की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की मंगलकामना को लेकर रविवार को लोनी क्षेत्र में अहोई अष्टमी का पर्व परंपरागत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माताओं ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर अहोई माता की पूजा-अर्चना की और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने घरों की दीवारों पर अहोई माता का चित्र स्थापित कर रोली, चावल, पुष्प, मिठाई और दूध-भात सहित विभिन्न पूजन सामग्री से विधिवत पूजा की। इस दौरान महिलाओं ने एकत्र होकर अहोई माता की कथा का श्रवण किया और परिवार की सुख-शांति तथा संतान की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

तारों को अर्घ्य देकर खोला व्रत

रात्रि में आकाश में तारे दिखाई देने के बाद महिलाओं ने तारों को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। धार्मिक परंपराओं के अनुसार तारों के दर्शन और अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने जल ग्रहण कर अपना व्रत संपन्न किया। कई घरों में बच्चों को मिठाई खिलाकर और परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर पर्व की खुशियां साझा की गईं।

पूजन सामग्री की दुकानों पर रही भीड़

अहोई अष्टमी को लेकर लोनी के बाजारों में भी पिछले दो दिनों से रौनक बनी हुई थी। पूजा के लिए अहोई माता के चित्र, कैलेंडर, स्याऊ माता से संबंधित पूजन सामग्री, करवे और अन्य धार्मिक सामान की दुकानों पर महिलाओं की आवाजाही बनी रही। त्योहार के चलते बाजारों में अच्छी चहल-पहल देखने को मिली।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button