5 नवंबर को गाजियाबाद से शुरू होगी भाजपा की प्रदेशव्यापी पदयात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे कार्यक्रम में शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने 5 नवंबर 2026 को प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं जनसभा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने और मुख्यमंत्री की रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को राजधानी एन्क्लेव स्थित सीएलआर वाटिका, गांव पाभी में भाजपा जिला एवं महानगर इकाई की संयुक्त संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कांग्रेस की नीतियों के विरोध में निकलेगी पदयात्रा
बैठक को संबोधित करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महामंत्री एवं गाजियाबाद प्रभारी संजीव गोयल सिक्का ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लगातार भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों पर हमला कर रहे हैं। इसके विरोध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर पदयात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अभियान की शुरुआत गाजियाबाद से होना जिले के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें।
कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की असली ताकत
क्षेत्रीय मंत्री एवं जिला प्रवासी वरुण गोयल ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में समर्पित कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है। बैठक में विधायक डॉ. मंजू सिवाच समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
प्रमुख नेताओं को सौंपी गई आयोजन की कमान
कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए प्रदीप गोस्वामी को संयोजक तथा सुभाष कसाना और अनिल प्रजापति को सह-संयोजक बनाया गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान को भी व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रत्येक मंडल से पांच बसें लाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री की रैली और पदयात्रा में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए परिवहन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने प्रत्येक मोर्चा जिलाध्यक्ष को 11 बसें तथा प्रत्येक मंडल अध्यक्ष को पांच-पांच बसों की व्यवस्था करने का लक्ष्य दिया। सभी पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने और वाहनों की सूची अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में सुबह 11 बजे के समय का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।
क्षेत्रवार जिम्मेदारियां भी निर्धारित
तैयारियों को गति देने के लिए जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनील निठौरा, डी.डी. यादव, आकाश गौतम, जिला महामंत्री देवेंद्र चौधरी, पवन सोम, मंत्री कृष्ण बंसल और सुदेश भारद्वाज सहित विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गईं। मंडल अध्यक्ष संतोष मिश्रा, दीपक, आकाश, कर्मवीर गुर्जर और अश्वनी कुमार के साथ एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष अमित तिसावर तथा किसान मोर्चा से देवेंद्र डायमंड और रोहित भारद्वाज को भी व्यवस्थाओं में लगाया गया।
बैठक में सभासद दल को भी क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपकर कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सभासद रुपा चौधरी कुलवीर चौहान, विपिन कसाना, सत्येंद्र बंसल, अर्जुन नागर, रोहित भारद्वाज, विजय पाल, जयवीर बंसल, हरेंद्र प्रधान, सहित संजीव शर्मा, गजब पाभी, सुरेश पाल, रविंद्र पंवार, अमरेश चौधरी, वरुण धामा, अश्वनी उपाध्यक्ष, इंद्रजीत सिंह, ग्यासुद्दीन और मनोज खटीक समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


