गोड्डा

शौचालय की छत का पटिया गिरने से 7 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल

25 टांके लगे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड क्षेत्र के सोनारचक गांव में शौचालय के घटिया निर्माण का मामला सामने आया है, जहां छत का पटिया गिरने से एक 7 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची की पहचान अनिरुद्ध यादव की पुत्री प्रिया कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार की योजना के तहत गरीब परिवार के लिए पंचायत प्रतिनिधि के माध्यम से शौचालय का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि निर्माण कार्य बेहद घटिया तरीके से किया गया था। छत पर केवल पटिया रखकर नाम मात्र की ढलाई कर दी गई थी, जो पूरी तरह असुरक्षित साबित हुई।
बताया जाता है कि प्रिया कुमारी शौचालय के लिए जा रही थी, तभी अचानक छत का पटिया उसके पैर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके गहरे जख्म का इलाज करते हुए करीब 25 टांके लगाए। इस घटना ने शौचालय निर्माण में बरती गई लापरवाही और अनियमितता की पोल खोलकर रख दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में केवल खानापूर्ति कर राशि की निकासी कर ली गई, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button