झारखंड सरकार करेगी महिला एवं बाल विकास विभाग में लिपिकों की पदोन्नति आसान
Jharkhand government will make promotion of clerks in Women and Child Development Department easier.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड सरकार महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग में लिपिकों की लंबित पदोन्नति के मामले को हल करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए झारखंड बाल विकास सेवा अराजपत्रित कर्मचारी भर्ती एवं सेवाशर्त नियमावली, 2006 में संशोधन किया जायेगा। संशोधन के तहत लिपिकीय संवर्ग के प्रावधानों को सरल और स्पष्ट बनाया जाएगा, ताकि समय पर पदोन्नति सुनिश्चित हो सके। नई व्यवस्था में सीमित प्रतियोगिता परीक्षा का प्रावधान होगा और प्रोन्नति के पात्र पदों की पहचान की जायेगी। इसके अलावा, आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए पहले से लागू प्रतियोगिता परीक्षा की प्रक्रिया को और मजबूत किया जायेगा, जिससे सेविकाओं को महिला पर्यवेक्षिका बनने का बेहतर अवसर मिलेगा। विभाग ने यह भी ध्यान दिया कि विभिन्न जिलों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों के मानदेय में असमानता है। इसे दूर करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा, जो एक समान मानदेय तय करने की सिफारिश करेगी। सरकार की इस पहल से लंबे समय से लंबित पदोन्नति के मामले में लिपिकों को राहत मिलने की उम्मीद है और विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में कदम बढ़ाए जायेंगे।



