पाकुड़ पुलिस का बड़ा अभियान, 10 महीनों में 76 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
Pakur police conducts major operation, arrests 76 permanent warrants in 10 months

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के नेतृत्व में पाकुड़ पुलिस ने जिले में लंबित संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। 01 जून 2025 से 04 अप्रैल 2026 तक चलाए गये विशेष छापेमारी अभियान के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज लाल वारंट एवं स्थायी वारंट (Permanent Warrant) के लगभग 76 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस की कार्रवाई से बचते रहे थे। पुलिस द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई के तहत अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप इन वारंटियों की गिरफ्तारी सम्भव हो सकी। गिरफ्तार किए गये सभी अभियुक्तों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और किसी भी फरार अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा।



