ललितपुर
किताबों की कालाबाजारी पर रोक व एनसीईआरटी लागू करने की मांग
बजरंग सेना ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। बजरंग सेना संगठन ने जिलाध्यक्ष डा.दीपक पस्तोर के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिले में प्राइवेट स्कूलों में मनमानी और किताबों की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि जनपद के अधिकांश निजी विद्यालयों में भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के बावजूद एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू नहीं किया जा रहा है। हर वर्ष पाठ्यक्रम बदल दिए जाने से अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और संबंधित दुकानदारों द्वारा महंगी दरों पर किताबें बेचकर मोटी रकम वसूली जा रही है। आरोप लगाया गया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है, जहां किसी प्रकार की छूट भी नहीं दी जाती। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूलों में सुविधाओं के नाम पर अवैध फीस वसूली जा रही है, जबकि वास्तविक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। परीक्षा शुल्क और अन्य मदों में भी अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है। साथ ही, हर वर्ष स्कूल फीस में लगातार वृद्धि की जा रही है। बजरंग सेना ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री द्वारा बेहतर शिक्षा व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते जिले में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। संगठन ने मंत्री से इस जनहित से जुड़े मुद्दे का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन जिलेभर के अभिभावकों और नागरिकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन एवं आमरण अनशन करेगा। ज्ञापन देने के दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक नायक, जिला उपाध्यक्ष दीपक त्रिपाठी, जिला मंत्री अजय दुबे, महासचिव शिवकुमार चंदेल, जितेन्द्र नायक, दीपेश उपाध्याय, संतोष कुशवाहा, रामसिंह यादव, ताहर राजा, कृष्णकांत कांकर, पवन चौबे, जय कुमार पंथ, राजकुमार कुशवाहा, ममता तिवारी, लेखा नामदेव, राजकुमारी दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



