
भारती ने माँगा लिखित प्रमाण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 24 में मंगलवार को रिहायशी इलाके में शराब दुकान खोलने के विरोध में स्थानीय महिलाएं और नागरिक सड़कों पर उतर आए। बालाघाट नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान आबकारी अधिकारी अजित एक्का ने दुकान खोलने को प्रभारी मंत्री का निर्देश बताया, जिस पर नगरपालिका अध्यक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई।
राशन दुकान और मंदिर के पास शराब का विरोध
वार्ड क्रमांक 24 में ओंकार बिसेन की दुकान में नई शराब दुकान प्रस्तावित है, जिसके ठीक बगल में राशन की दुकान संचालित है। स्थानीय निवासी निशा धुवारे ने बताया कि इस क्षेत्र में दुर्गा मंदिर, आईजी कार्यालय और एक सार्वजनिक उद्यान है। घनी आबादी वाले इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं गुजरते हैं, जिससे सुरक्षा का खतर बना रहेगा।
आबकारी अधिकारी के ‘मंत्री निर्देश’ का दावा
विरोध स्थल पर पहुंचे आबकारी अधिकारी अजित इक्का ने कहा कि यह दुकान प्रभारी मंत्री के निर्देश पर खोली जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस प्रक्रिया में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का समन्वय शामिल है। हालांकि, अधिकारी ने किसी विशिष्ट जनप्रतिनिधि का नाम लेने से परहेज किया, जिससे विवाद और गहरा गया।
लिखित सहमति पेश करने की मांग
नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने प्रशासन से लिखित सहमति पेश करने की मांग की। उन्होंने घोषणा की कि जब तक रिहायशी इलाके से शराब दुकान हटाने का निर्णय नहीं होता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
इन्होने कहा:- यदि नाम का उपयोग किया जा रहा है, तो विभाग प्रमाण सार्वजनिक करे।
भारती ठाकुर
नगरपालिका अध्यक्ष बालाघाट
यह दुकान प्रभारी मंत्री के निर्देश पर खोली जा रही है।
अजित एक्का
जिला आबकारी अधिकारी बालाघाट





