दूध कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला निकला साला ( पत्नी का भाई ) …
दो आरोपी गिरफ्तार...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – यूपी के हापुड़ में एक प्रमुख दूध कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गढ़ कोतवाली पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि रंगदारी मांगने वाला दूध कारोबारी का रिश्ते का साला ही निकला।
जानकारी के अनुसार थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के पिंटू गुर्जर जिले के बड़े दूध कारोबारी हैं। करीब एक माह पहले उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वालों ने खुद को जठैड़ी गैंग का सदस्य बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी मिलने के बाद पीड़ित कारोबारी ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। एडीजी और डीआईजी को दी गई शिकायत के बाद करीब 15 दिन पहले संबंधित थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया । इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम को जांच में लगाया गया ।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन्हीं सुरागों के आधार पर थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया । पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अभिषेक गुर्जर ने अमीर बनने की चाहत में अपने दोस्त तुषार त्यागी के साथ मिलकर रंगदारी मांगने की साजिश रची थी। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी करीब एक माह पहले कार से कश्मीर घूमने गए थे। वहीं उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए कीपैड मोबाइल फोन और सिम खरीदी, जिसका इस्तेमाल रंगदारी मांगने के लिए किया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अभिषेक गुर्जर रिश्ते में दूध कारोबारी पिंटू गुर्जर का साला है। वह अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था और उसे कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी और लालच के चलते उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर रंगदारी की योजना बनाई।




