एमएसीटी पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन, पीड़ितों को त्वरित मुआवजे पर जोर
District level workshop on MACT organized, emphasis on quick compensation to victims

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 11 अप्रैल 2026 शनिवार को झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडे ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, डीएसपी जितेंद्र कुमार, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार, अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी तथा पैनल अधिवक्ता सिद्धार्थ शंकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में वक्ताओं ने एमएसीटी से जुड़े मामलों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने, जांच रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने तथा कानूनी प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने पर बल दिया। दिवाकर पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों की समस्याओं को समझें और समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत कर मुआवजा प्रक्रिया को सुचारु बनाएं। उन्होंने कहा कि कानूनी सहायता के साथ-साथ सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का भी प्रभावी रूप से निर्वहन करें। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद ने मोटर वाहन अधिनियम के उद्देश्य, लापरवाही की अवधारणा, मुआवजा निर्धारण तथा जांच प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक ने न्यायिक प्रक्रियाओं से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अधिवक्ता सिद्धार्थ शंकर ने दावा याचिकाओं से जुड़े कानूनी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। मंच संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के सचिव रूपा वंदना किरो ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एवं समापन मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र ने किया। कार्यशाला में न्यायिक पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, चिकित्सक, बीमा कंपनी प्रतिनिधि, अधिवक्ता तथा पैरा लीगल वॉलिंटियर्स सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



