
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी , गाजियाबाद : लोनी देहात मंडल के अंतर्गत आने वाले गांव निस्तोली, भनैडा, राजपुर और पंचलोक मंडल में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया और उन्हें नमन किया गया।इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर के आदर्शों—समता, न्याय और बंधुत्व—को अपनाने का संकल्प लिया और उनके विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की बात कही।भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल जी ने संक्षेप में कहा कि डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव है।
वहीं भाजपा जिलामंत्री मनीष डागर ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश को न केवल एक मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा दिया, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने का मार्ग भी प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान का प्रतीक है, जिससे आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। मनीष डागर ने आगे कहा कि हमें उनके विचारों को केवल शब्दों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में उतारकर समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए।भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी दो नंबर बस स्टैंड पर पहुंचकर डा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।




