गोड्डा
78 लाख की लागत से बड़की तालाब का होगा जीर्णोद्धार : संजय

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
पथरगामा। मंगलवार अहले सुबह डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करने के उपरांत बड़की तालाब के बहुप्रतीक्षित जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। यह योजना लघु सिंचाई विभाग के राज्य संपोषित योजना अंतर्गत लगभग 78 लाख रुपये की लागत से पूर्ण की जाएगी। यह तालाब लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। इसके पुनर्निर्माण से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों की दैनिक जरूरतों के साथ-साथ कृषि कार्यों में भी सहूलियत होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, तालाब के जीर्णोद्धार से क्षेत्र के जलस्तर में सुधार होगा और किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इस तरह की योजनाएं मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी। ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर श्रम मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर किया है। मौके पर पथरगामा प्रखंड प्रमुख अवधेश साह, राजद जिला ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष मदन साह, संवेदक बिपिन यादव, लालू यादव, अजय साह, कर्ण कुमार सिंह, अमित भगत, प्रसेनजीत सिंह, राजू साह, मुकेश मंडल आदि ग्रामीण उपस्थित थे।



