
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, लोनी में अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन की शुरुआत होने से अब क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इस मशीन का उद्घाटन लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विधायक गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और आमजन तक सुलभ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि डिजिटल एक्स-रे मशीन की सुविधा शुरू होने से स्थानीय लोगों को त्वरित, सटीक और किफायती जांच उपलब्ध होगी, जिससे खासकर गरीब वर्ग को आर्थिक राहत मिलेगी।उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उसके नजदीक ही मिलें, ताकि किसी को भी इलाज के लिए अनावश्यक खर्च और परेशानी का सामना न करना पड़े। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी अजीत चौधरी का कहना है कि प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज लोनी सी एच सी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। नई सुविधा के शुरू होने से इन मरीजों को अब अस्पताल में ही एक्स-रे जांच मिल सकेगी, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी।अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आधुनिक तकनीक से लैस इस मशीन के जरिए जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी और समयबद्ध होगी, जिससे मरीजों के उपचार में तेजी आएगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।


