गाजियाबाद
सिरौली की महापंचायत में नंदकिशोर के समर्थन का संदेश
विधायक बोले ‘मेरे खिलाफ माहौल बनाने की हो रही साजिश’

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : सिरौली गांव में रविवार को गुर्जर समाज की महापंचायत आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों के साथ सर्व समाज और हिंदू रक्षा दल से जुड़े लोगों ने भी भाग लिया । पंचायत में उपस्थित भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के समर्थन में एकजुटता जताई गई। विधायक समर्थकों ने विधायक को पगड़ी पहनाकर अपना नेता बताया और उनके समर्थन में नारे लगाए।
महापंचायत में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक चर्चा हुई। मौजूद लोगों ने नंदकिशोर गुर्जर के पक्ष में समर्थन जताते हुए कहा कि चुनाव में समाज उनके साथ खड़ा रहेगा। पंचायत के जरिए जहां समर्थकों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, वहीं लोनी की राजनीति में इसे विधायक के समर्थन में एक महत्वपूर्ण संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रेस वार्ता में शामिल लोगों पर विधायक ने लगाए कई गंभीर आरोप
महापंचायत के बीच विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने प्रेस वार्ता कर हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर कई चौकाने वाले दावे किए। विधायक ने कहा कि उन्हें इंटेलिजेंस से ऐसी रिपोर्ट मिली थी कि जिस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा के जिला मंत्री के साथ कथित अभद्रता हुई, वहां बड़ी संख्या में हथियारबंद लोग मौजूद थे। उनके मुताबिक सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। विधायक का दावा है कि पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद वहां मौजूद हथियार बंद लोग मौके से चले गए।
विधायक ने हालिया राजनीतिक गतिविधियों के पीछे सपा से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ में सपा प्रमुख के यहां बैठक के दौरान पूर्व विधायक हाजी जाकिर अली को जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई थी और वहां मौजूद लोगों को टिकट देने का आश्वासन दिए जाने का आश्वासन भी दिया गया
नंदकिशोर गुर्जर ने यह भी कहा कि कुछ ऐसे लोग भी उनके खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, जिनसे न तो उनकी मौके पर मुलाकात हुई और न ही उनकी कोई बातचीत हुई। इसके बावजूद उनका नाम लेकर बयान दिए जा रहे हैं।
महापंचायत ने बढ़ाई राजनीतिक सरगर्मी
सिरौली की महापंचायत और विधायक की प्रेस वार्ता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। एक ओर विधायक समर्थक इसे सामाजिक एकजुटता का प्रदर्शन बता रहे हैं, तो दूसरी ओर हालिया विवादों के बीच सामने आ रहे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप ने लोनी की सियासत को और गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि यह समर्थन आगामी चुनाव में किस रूप में सामने आता है और विभिन्न सामाजिक वर्गों का रुख क्या रहता है।




