
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। सरकारी नजूल भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की गई है। नई बस्ती निवासी बृजेन्द्र सिंह गौर ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कमेटी पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद ललितपुर की सीमा के अंतर्गत आराजी संख्या 514, 515, 516, 517 एवं 518 स्थित भूमि पर कमेटी द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है। आरोप है कि आराजी संख्या 514 के लगभग आधा एकड़ हिस्से को बाउंड्रीवाल बनाकर घेर लिया गया है, जो कि सरकारी नजूल भूमि है। उन्होंने ने यह भी उल्लेख किया है कि शासन स्तर से नजूल भूमि को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश जारी हैं, इसके बावजूद संबंधित भूमि पर कब्जा बना हुआ है। बृजेन्द्र सिंह गौर ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त भूमि की पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और अवैध कब्जे को हटाकर जमीन को सरकारी अभिलेखों के अनुसार कब्जा मुक्त कराया जाए।



