
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने छात्राओं एवं महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सुरक्षा, स्वावलंबन एवं हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में स्पोर्ट्स एवं मेडिकल कॉलेज की छात्राओं सहित विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं, सुझाव एवं अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान साइबर फ्रॉड, बाल विवाह, महिला सुरक्षा एवं सम्मान जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के प्रति सतर्क रहना बेहद जरूरी है। साथ ही बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहकर समय पर सूचना देना समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1930 (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में निसंकोच पुलिस व प्रशासन से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं जागरूक बनाना है, ताकि वह आत्मविश्वास के साथ समाज में आगे बढ़ सकें।
