जालौन
कुठौंदा बुजुर्ग में जन चौपाल गरमाई, अधूरे खेल मैदान पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
साढ़े तीन साल से अधर में लटका निर्माण, लाखों का बजट खर्च दिखा—जमीन पर काम नदारद
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में आयोजित जन चौपाल उस समय चर्चा का केंद्र बन गई, जब अधूरे पड़े खेल मैदान को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। शुक्रवार को आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही और अनदेखी पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में खेल मैदान का निर्माण कार्य पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है। पंचायत पोर्टल पर यह कार्य दिसंबर 2021 से “प्रगति पर” दर्शाया जा रहा है, जबकि हकीकत में मौके पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। लगभग 2.50 लाख रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में करीब 40 हजार रुपये खर्च भी दिखाए जा चुके हैं, लेकिन न तो मैदान का समतलीकरण हुआ है और न ही बाउंड्री वॉल का निर्माण—जिससे पूरे मामले में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
जन चौपाल की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी द्वारा की जानी थी, लेकिन उनके अनुपस्थित रहने पर कार्यक्रम बीडीओ जालौन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान ग्रामीणों ने 31 जनवरी 2025 को जारी आदेशों की अनदेखी का भी गंभीर आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि खेल मैदान के अभाव में गांव के युवाओं को खेलकूद की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिससे उनकी प्रतिभा और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। गजेन्द्र सिंह सेंगर, शिवम सेंगर, देवेश सेंगर, मयंक सेंगर, अतुल सेंगर और रवि राजावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एक स्वर में निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।
खंड विकास अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर शीघ्र उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, लेकिन अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।



