परीक्षा परिणाम से जुड़ी शिकायतों को लेकर एबीवीपी से जुड़े छात्रों ने कुलपति के खिलाफ की नारेबाजी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में परीक्षा और परिणाम से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर सोमवार को छात्र सड़कों पर उतर आए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने प्रशासनिक भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ‘कुलपति लापता’ के पोस्टर भी लगाए गए। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली बेहद लचर हो गई है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री आनंद कठेरिया ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा। प्रदर्शन के दौरान परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन समाधान न दे पाने की बात कहने पर छात्रों ने ज्ञापन लेने से ही मना कर दिया। छात्रों ने परिणामों में गड़बड़ी, को-करिकुलर विषयों में बैक, समान अंक देने और विषय स्वतः बदलने जैसी समस्याएं उठाईं। साथ ही बैक पेपर फीस में बढ़ोतरी और तकनीकी खामियों—जैसे सर्वर स्लो और फॉर्म लॉक—पर भी नाराजगी जताई। एबीवीपी ने आरोप लगाया कि ये खामियां छात्रों से आर्थिक वसूली का जरिया बन रही हैं। फिलहाल, प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन पर जवाबदेही का दबाव बढ़ गया है।



