दाहा-चौगामा क्षेत्र के भड़ल गांव में सामवेद पारायण यज्ञ का भव्य आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भड़ल (बागपत)। दाहा-चौगामा क्षेत्र का भड़ल गांव इस सप्ताहांत वैदिक ध्वनियों और यज्ञ की पवित्र अग्नि से गूंज उठा। ग्राम के वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम सिंह राणा के आवास पर दो दिवसीय सामवेद पारायण यज्ञ का शुभारंभ शनिवार को विधिविधान से किया गया।
इस अवसर पर यज्ञ के ब्रह्मा आचार्य विनोद कुमार शास्त्री ने वेदों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि –
“मनुष्य का वास्तविक कल्याण केवल वेद मार्ग पर चलकर ही संभव है। संसार की समस्त विद्या, ज्ञान और विज्ञान वेदों में समाहित है। वेदों का पढ़ना-पढ़ाना हर मनुष्य के जीवन में आवश्यक है।”
उन्होंने आगे कहा कि मनुष्य के जीवन में अच्छे और बुरे कर्म ही उसकी पहचान बनाते हैं। बुरे कर्म पतन का कारण बनते हैं, जबकि उत्तम कर्म मनुष्य को विद्वानों की श्रेणी में प्रतिष्ठित करते हैं। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में बुरे कर्मों का त्याग कर श्रेष्ठ कर्म अपनाए तो समाज में सद्भाव, शांति और उन्नति का मार्ग स्वतः प्रशस्त होता है।
कार्यक्रम के पहले दिन यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रों की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्र से आए श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस मौके पर स्वामी सत्यवेश महाराज, अमरेश शास्त्री, आत्मानंद मुनि, आनंद बैंसला, देवेंद्र राणा, प्रमोद राठी, आचार्य कपिल शास्त्री, कृष्णपाल सिंह, आचार्य देवेंद्र आर्य, सहेंद्र सिंह ठेकेदार, राजेंद्र आर्य, ब्रह्मपाल आर्य, मास्टर आनंद छिल्लर, बालक राम आर्य, सत्यपाल आर्य, पप्पन राणा, सागर आर्य, ओमवीर तोमर, लवीश आर्य, राजन जयराम आर्य, मोहित ठेकेदार, सुनील त्यागी, मनोज राणा आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गांव में आयोजित इस दो दिवसीय वैदिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। यज्ञ के दूसरे दिन विशेष हवन और पूर्णाहुति का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोग आहुति डालकर वैदिक परंपरा से जुड़ेंगे और समाज की सुख-समृद्धि व शांति की कामना करेंगे।



