बागपत

हरित प्राण ट्रस्ट का सराहनीय प्रयास

2500 पौधों का किया गया फिजिकल वेरीफिकेशन, 50% पौधे सुरक्षित 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की ग्रीन बेल्ट में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे हरित प्राण ट्रस्ट ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। पिछले वर्ष बरसात के मौसम में लगाए गए लगभग 2500 पौधों का आज ट्रस्ट द्वारा फिजिकल वेरीफिकेशन (साइट सर्वे) किया गया।
इस निरीक्षण अभियान का नेतृत्व ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. दिनेश बंसल ने स्वयं किया। उनके साथ टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। टीम ने करीब 3 किलोमीटर के क्षेत्र में लगाए गए पौधों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि विषम परिस्थितियों—जैसे सिंचाई की कठिनाइयाँ और ग्रीन बेल्ट में लगातार चल रहे निर्माण कार्य—के बावजूद लगभग 50% पौधे सुरक्षित और अच्छी स्थिति में हैं। पिलखन, गुलमोहर और जामुन जैसी विभिन्न प्रजातियों के पौधों की ग्रोथ संतोषजनक पाई गई, जो आने वाले बरसात के मौसम में और तेजी से विकसित होने की उम्मीद है।
हालांकि कुछ पौधों को नुकसान भी हुआ है, लेकिन ट्रस्ट ने यह संकल्प लिया है कि आगामी वर्षा ऋतु में उन सभी स्थानों पर पुनः वृक्षारोपण किया जाएगा, ताकि हरियाली का यह अभियान निरंतर जारी रह सके।
इस मौके पर ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि अक्सर लोग उनसे पूछते हैं कि इतने बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और उनकी देखभाल कैसे संभव हो पाती है। इसका सीधा जवाब है टीम की एकजुटता और नेतृत्व की प्रेरणा। जब ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वयं भीषण गर्मी में मैदान में उतरकर एक-एक पौधे का निरीक्षण करते हैं, तो पूरी टीम में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
हरित प्राण ट्रस्ट का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की मिसाल है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी है कि सामूहिक प्रयासों से हरियाली का सपना साकार किया जा सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button